नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने एक बड़े फूड रैकेट का पर्दाफाश करते हुए ऐसी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है, जहां एक्सपायर्ड और एक्सपायरी के करीब पहुंच चुके खाद्य उत्पादों की तारीख बदलकर उन्हें दोबारा बाजार में बेचा जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 20 लाख रुपये से अधिक कीमत के खाद्य उत्पाद जब्त किए और सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में की गई। शुरुआती सूचना बाल श्रम से जुड़ी थी, लेकिन तलाशी के दौरान एक संगठित गिरोह का खुलासा हुआ, जो एक्सपायर्ड खाद्य उत्पादों की मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट बदलकर उन्हें नए पैक में बाजार और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए बेचने की तैयारी कर रहा था।
छापे के दौरान पुलिस ने प्रिंटिंग मशीन, सीलिंग मशीन, नकली लेबल, बारकोड और बड़ी मात्रा में पैक्ड फूड, पेय पदार्थ तथा अन्य उपभोक्ता उत्पाद बरामद किए। जांच में सामने आया कि उत्पादों पर केमिकल की मदद से पुरानी तारीख मिटाई जाती थी और नई एक्सपायरी डेट छापकर उन्हें दोबारा पैक किया जाता था।
पुलिस ने फैक्ट्री को सील कर दिया है और सात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि ये उत्पाद किन-किन राज्यों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक पहुंचाए गए थे। मामले की जांच जारी है।

