रायपुर। शहर के होली क्रॉस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 5 CG बटालियन NCC के अधिकारियों के एक दल ने दौरा कर स्कूल के NCC कैडेटों से मुलाकात की। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को NCC परीक्षाओं, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा के महत्व के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। अधिकारियों का यह संवाद कैडेटों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा।

5 CG बटालियन NCC के इस दल में लेफ्टिनेंट कर्नल तुपुरानी सारथ, नब्बे सिपाही गुरदीप सिंह, हवलदार खुम बोर, हवलदार प्रवीण पाटिल और हवलदार धनराज शामिल थे। स्कूल पहुंचने पर अधिकारियों ने प्रधानाचार्य फादर जोसेफ कार्ल लकरा से मुलाकात की।
NCC परीक्षाओं और गतिविधियों की दी जानकारी
दौरे के दौरान NCC अधिकारियों ने कैडेटों को NCC परीक्षाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि NCC केवल एक प्रशिक्षण गतिविधि नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए विद्यार्थियों में अनुशासन, समर्पण, समय की पाबंदी और नेतृत्व जैसे गुण विकसित होते हैं।
अधिकारियों ने कैडेटों से सीधे संवाद किया और उनके सवालों के जवाब भी दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को NCC की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा प्रशिक्षण के दौरान पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

आत्मविश्वास और देशभक्ति विकसित करने में NCC की अहम भूमिका
अधिकारियों ने कहा कि NCC युवाओं में आत्मविश्वास, टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ उनमें देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करती है। NCC का प्रशिक्षण विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए तैयार करता है।
उन्होंने कैडेटों को समझाया कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन और समय का सदुपयोग बेहद जरूरी है। एक अच्छा कैडेट बनने के साथ-साथ एक अच्छा नागरिक बनना भी प्रत्येक विद्यार्थी की जिम्मेदारी है।

प्राचार्य ने अधिकारियों का जताया आभार
इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य फादर जोसेफ कार्ल लकरा ने NCC अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक है। उन्होंने कैडेटों को NCC के मूल आदर्शों ‘एकता और अनुशासन’ को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
यह संवाद विद्यार्थियों के लिए न केवल जानकारीपूर्ण रहा, बल्कि उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और देशसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिली।

