श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के एक 12 वर्षीय स्कूली छात्र का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्र भीषण गर्मी के बीच स्कूलों की छुट्टियां घोषित नहीं होने पर शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू से सवाल पूछता नजर आ रहा है। उसकी एक टिप्पणी—”मंत्री जी तो एसी कमरे में बैठी होंगी”—ने पूरे देश में बहस छेड़ दी है।
वीडियो में छात्र कहता है कि भीषण गर्मी के कारण बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है, जबकि अधिकारियों को इस स्थिति का एहसास नहीं है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लाखों लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने बच्चे की बेबाकी की सराहना की, जबकि कुछ ने नाबालिग को इस तरह सार्वजनिक बहस का हिस्सा बनाए जाने पर चिंता जताई।
मामला तूल पकड़ने के बाद श्रीनगर की चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) ने वीडियो रिकॉर्ड और प्रकाशित किए जाने के तरीके को लेकर संज्ञान लिया है। समिति ने संबंधित न्यूज पोर्टल से जवाब मांगा है कि क्या बच्चे और उसके अभिभावकों की सहमति ली गई थी।
इस बीच जम्मू-कश्मीर सरकार ने कश्मीर घाटी और जम्मू के विंटर ज़ोन के स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। हालांकि, वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस अभी भी जारी है।

