रायपुर/नई दिल्ली। GRAND NEWS: ऑल इंडिया टेनिस फेडरेशन (ATF) ने वर्ष 2026–27 के लिए विभिन्न समितियों में नई नियुक्तियों की घोषणा की है। फेडरेशन की ओर से जारी पत्र के अनुसार, डॉ अनिल जैन और छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा समेत कई अनुभवी और प्रतिष्ठित व्यक्तियों को अलग-अलग समितियों में जिम्मेदारी सौंपी गई है।


जारी सूची के मुताबिक, फाइनेंस कमेटी में डॉ. अनिल जैन, जूनियर्स एवं कोचेस डेवलपमेंट कमेटी में सुनील यजमान, मार्केटिंग एवं स्पॉन्सरशिप कमेटी में प्रशांत सुतार और टूर्नामेंट्स एवं ऑफिशिएटिंग कमेटी में अनील महाजन को शामिल किया गया है। वहीं, सीनियर्स, व्हीलचेयर एवं बीच टेनिस कमेटी में छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा एडवांटेज ऑल कमेटी में शालिनी ठाकुर चावला को नियुक्त किया गया है।
फेडरेशन ने अपने पत्र में विश्वास जताया है कि इन नियुक्तियों से देश में टेनिस के विकास और विस्तार को नई गति मिलेगी। साथ ही उम्मीद व्यक्त की गई है कि सभी सदस्य अपने अनुभव और नेतृत्व से खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
वहीं श्री होरा ने जिम्मेदारी के लिए AITA महासचिव अनिल धूपर का आभार जताते हुए कहा कि, “यह मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है। मैं ऑल इंडिया टेनिस फेडरेशन का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया। विशेष रूप से अनिल धूपर जी का आभारी हूं, जिनके नेतृत्व में काम करने का अवसर मिल रहा है। मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ टेनिस के विकास, खासकर सीनियर्स, व्हीलचेयर और बीच टेनिस को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करूंगा।”


