गिरिश गुप्ता गरियाबंद:- जिले के देवभोग में निजी देवमाता हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत के बाद जमकर बवाल मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नेशनल हाईवे 130-C पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में तहसीलदार ने कलेक्टर से पीड़ित पक्ष की बात कराई, जिसके बाद जांच और कार्रवाई के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ।

मृतिका भानुमति मांझी को प्रसव के लिए देवमाता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद हालत बिगड़ने पर समय पर सही इलाज नहीं मिला और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते महिला की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई, एफआईआर और मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया। देर शाम प्रशासन के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।


