भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के कथित प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के भांजे प्रखर चंद्राकर समेत तीन युवकों पर एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की कोशिश करने का आरोप लगा है। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल कारोबारी का अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई की रात प्रॉपर्टी डीलर योगेश सूर्यवंशी बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि डीपीएस चौक के पास पल्सर बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनका पीछा किया और बेसबॉल बैट व डंडों से हमला कर दिया। हमले में योगेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हमले के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

