कसडोल। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नवापारा-गिरीहोला मार्ग पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था ट्रक
जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। सड़क किनारे एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक केबिन में फंस गया और बाहर निकल नहीं सका।
डायल 112 ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। लगातार बारिश और अंधेरे के बावजूद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। समय रहते रेस्क्यू होने से उसकी जान बच गई।
घंटों बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस ने की अपील
कसडोल पुलिस ने वाहन चालकों से बारिश के मौसम में सावधानी बरतने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क किनारे खड़े वाहनों के पास विशेष सतर्कता रखने की अपील की है।

