गिरिश गुप्ता गरियाबंद:- जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कस्तूरबा छात्रावास में पदस्थ महिला नगर सैनिक ओमिका ध्रुव (32) की हत्या उसके पति सोहन साहू ने कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों मूर मुरा गांव के रहने वाले हैं और 10 साल पहले प्रेम विवाह किया था। उनके दो बच्चे भी हैं।

ओमिका पिछले एक सप्ताह से मायके में रह रही थी और आज छुट्टी खत्म होने के बाद ड्यूटी जॉइन कर रही थी। ड्यूटी के बाद पति उसे बाइक से लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में करीब 10 किलोमीटर दूर दोनों के बीच चरित्र को लेकर फिर से विवाद हुआ, जिसके बाद गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी गई।
घटना के बाद आरोपी पति खुद पांडुका थाने पहुंचा और पुलिस को हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जयप्रकाश साहू फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। महिला के गले पर नाखून के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की पुष्टि होती है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।