रायपुर। RAIPUR CRIME NEWS : राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित मदनी चौक में पांच लोगों की मौत के मामले में SIT की जांच के बाद कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच में पुलिस ने पाया कि साजिद अली ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने-पीने की चीजों में कीटनाशक देकर उनकी हत्या की थी। इसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या कर ली थी। करीब पांच महीने तक चली जांच के बाद पुलिस ने साजिद के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है।
मृतकों में साजिद की पत्नी राबिया बेगम, बेटा इरशाद अली और बेटियां शाहिना परवीन व हिरशिबा परवीन शामिल हैं। पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट में चारों के शरीर में कीटनाशक की पुष्टि हुई है। पुलिस की जांच में सट्टे के कारोबार में नुकसान, आर्थिक परेशानियों और पारिवारिक विवादों को लेकर भी अहम जानकारियां सामने आई हैं।

बैटरी रिपेयरिंग छोड़ सट्टे के कारोबार से जुड़ा था साजिद
SIT की जांच के अनुसार, साजिद पहले बैटरी रिपेयरिंग का काम करता था। बाद में उसने गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाना शुरू कर दिया। शुरुआती दौर में उसका कारोबार ठीक चला, लेकिन धीरे-धीरे काम कम होता गया और एक समय बाद लगभग बंद हो गया।
पुलिस ने उसके बैंक खातों की जांच की तो पिछले पांच वर्षों में करीब 70 लाख रुपये के लेनदेन की जानकारी मिली। हालांकि, वर्ष 2026 में बैंक खातों में लेनदेन पहले की तुलना में काफी कम हो गया था। जांच में आर्थिक परेशानियों और सट्टे में हुए नुकसान से जुड़े पहलुओं को भी शामिल किया गया।
घटना वाले दिन बेटे को दो बार किया था फोन
जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन साजिद ने अपने बेटे इरशाद को दो बार फोन करके घर बुलाया था। गवाहों के मुताबिक, उसने बेटे से मिठाई लाने और परिवार के साथ भोजन करने की बात कही थी।
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को मिठाई के डिब्बे, तैयार भोजन, दाल और अन्य खाद्य सामग्री मिली थी। इन सभी वस्तुओं को जब्त कर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेजा गया था। बाद में विसरा रिपोर्ट में चारों मृतकों के शरीर में कीटनाशक की पुष्टि हुई।
CCTV फुटेज में सुबह 10:18 बजे दरवाजा बंद होने का खुलासा
मामले की जांच के लिए पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग और मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली। जांच के मुताबिक, 17 जुलाई की रात 12:28 बजे इरशाद घर पहुंचा था। इसके बाद परिवार के सदस्यों की गतिविधियां भी कैमरों में दर्ज हुईं।
सुबह 10:18 बजे साजिद ने घर का दरवाजा बंद किया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद दरवाजा दोबारा खुलता हुआ CCTV फुटेज में दिखाई नहीं दिया। इस फुटेज को जांच में मिले अन्य साक्ष्यों के साथ जोड़ा गया।
परिवार से बिगड़े रिश्ते, लंबे समय से चल रहा था तनाव
SIT की पड़ताल में साजिद के पारिवारिक जीवन से जुड़े पुराने विवादों की जानकारी भी सामने आई है। वर्ष 2002 में शादी के बाद करीब तीन साल तक काम नहीं करने को लेकर परिवार में विवाद हुए थे। वर्ष 2007 में वह पत्नी और बच्चों के साथ अलग रहने लगा था।
इसके बाद परिवार मदनपुरेना, संतोषी नगर, संजय नगर और भिलाई-3 में रहा। जांच में यह भी पता चला कि साजिद रिश्तेदारों और परिवार के अन्य सदस्यों से ज्यादा मेलजोल नहीं रखता था।
घटना से ढाई महीने पहले परिचित को बताई थी परेशानी
पुलिस जांच में एक और अहम बात सामने आई है। घटना से करीब ढाई महीने पहले साजिद ने रायपुरा पेट्रोल पंप के एक सेल्समैन को फोन कर अपनी परेशानियों के बारे में बताया था। उसने परिवार से अच्छे संबंध नहीं होने, स्थायी रोजगार और खुद का घर नहीं होने की बात कही थी। उसने अपनी जिंदगी को लेकर निराशा भी जाहिर की थी।
वहीं, परिचित शेख मामदी ने उसे काम दिलाने का भरोसा दिया था। गोलबाजार के कुछ लोगों ने पुलिस को बताया कि साजिद इलाके में ‘नेताजी’ के नाम से पहचाना जाता था। वह आसपास के लोगों से कम बातचीत करता था और किसी से उधार भी नहीं लेता था।
पांच महीने की जांच के बाद दर्ज हुआ हत्या का मामला
इस पूरे मामले में बैंक खातों के रिकॉर्ड, गवाहों के बयान, मोबाइल कॉल डिटेल, CCTV फुटेज और फॉरेंसिक रिपोर्ट की जांच की गई। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने साजिद अली के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है। इस कार्रवाई के साथ ही रायपुर के चर्चित सामूहिक मौत मामले में जांच का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हुआ है।


