रायपुर। CG WEATHER: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और अगले 3 दिनों तक लोगों को राहत के साथ सावधानी भी बरतनी होगी, क्योंकि मौसम विभाग ने गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के उत्तरी और मध्य इलाकों में कहीं-कहीं मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ। राजनांदगांव में सबसे ज्यादा 38.5°C तापमान दर्ज किया गया, वहीं अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 17.8°C रहा। अमलीपदर में 3 सेमी तक बारिश हुई, जबकि सुकमा, दोरनापाल और अन्य क्षेत्रों में भी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा और आसपास बने चक्रवाती सिस्टम और द्रोणिका के प्रभाव से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। हालांकि 3 दिनों बाद मौसम साफ होगा और फिर तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। रायपुर में आज मौसम मुख्यतः साफ रहने के आसार हैं, जहां अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम 24°C के आसपास रहेगा, लेकिन अचानक मौसम बदलने की संभावना बनी हुई है।

