अंबिकापुर। उत्तर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कॉलेज छात्रा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बतौली के लेक्चरर सुरेश कुमार जायसवाल पर शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) दिनेश कुमार झा ने आदेश जारी कर उनकी संविदा नियुक्ति समाप्त कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, 24 अप्रैल की आधी रात सुरेश कुमार जायसवाल एक कॉलेज छात्रा के साथ अपनी कार में आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। वीडियो वायरल होने के साथ ही शिक्षा विभाग को इस संबंध में शिकायत भी प्राप्त हुई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीईओ ने जांच के लिए एक समिति गठित की थी। जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में पुष्टि की कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति सुरेश कुमार जायसवाल ही है। जांच में यह भी सामने आया कि जिस कार में वे छात्रा के साथ नजर आ रहे थे, वह कार भी उन्हीं की थी।
जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट तौर पर लिखा कि इस घटना से विद्यालय की गरिमा को गहरा आघात पहुंचा है और शिक्षा विभाग की छवि भी धूमिल हुई है। रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से सुरेश कुमार जायसवाल की संविदा सेवा समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया।
घटना सामने आने के बाद इलाके में काफी चर्चा का माहौल है। सोशल media पर भी लोग शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वहीं शिक्षा विभाग का कहना है कि स्कूलों और शिक्षण संस्थानों की गरिमा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारियों और शिक्षकों के बीच भी हलचल तेज हो गई है।

