Delhi दिल्ली। BRICS शिखर सम्मेलन 2026 को देखते हुए दिल्ली में 12 सितंबर को कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि सुबह 9:30 बजे से रात 9 बजे तक राजधानी के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और वाहनों की नियंत्रित आवाजाही की व्यवस्था लागू रहेगी। लोगों को घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाने और अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, BRICS समिट के दौरान विभिन्न देशों के शीर्ष नेताओं और प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को देखते हुए प्रमुख रास्तों पर यातायात को आवश्यकता के अनुसार डायवर्ट और नियंत्रित किया जाएगा। इसका असर सामान्य वाहनों की आवाजाही पर पड़ सकता है।
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से कहा है कि वे संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए पहले से अपना रूट तय करें। जहां संभव हो, निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। खास तौर पर दिल्ली मेट्रो को प्राथमिकता देने को कहा गया है, ताकि सड़क मार्ग पर अतिरिक्त दबाव से बचा जा सके। एडवाइजरी में लोगों से निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करने और मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों को मानने की अपील की गई है। ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर कर्मियों की तैनाती की जाएगी।

