अनंतपुर। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में एक सरकारी स्कूल के भीतर दसवीं कक्षा की छात्रा पर इलेक्ट्रिक आरी से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना राप्ताडु स्थित जिला परिषद हाईस्कूल की है, जहां आरोपी ने स्कूल परिसर में घुसकर छात्रा के गले, चेहरे और सिर पर आरी से हमला कर दिया। इस दौरान छात्रा को बचाने पहुंची उसकी सहेली भी घायल हो गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान हेमंत के रूप में हुई है। आरोप है कि वह लकड़ी काटने वाली इलेक्ट्रिक आरी लेकर स्कूल पहुंचा और दसवीं की छात्रा को निशाना बनाया। अचानक हुए हमले से छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर बचाव के लिए पहुंची दूसरी छात्रा भी हमले की चपेट में आ गई। दोनों घायल छात्राओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। अगले दिन पुलिस को सूचना मिली कि हेमंत अमताकुर इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई फायरिंग में हेमंत को गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अनंतपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी ने छात्रा पर हमला क्यों किया, इसके पीछे क्या वजह थी और वह स्कूल परिसर में हथियार लेकर कैसे पहुंचा, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। घटना ने स्कूलों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

