- बिलासपुर शहर के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित होटल महावीर में चल रहे बड़े जुआ फड़ का पर्दाफाश हुआ है। जानकारी के अनुसार, महावीर होटल के कमरा नंबर 215 में जुआ खेलने की पुख्ता सूचना मिलने पर की गई कार्रवाई में मौके से 8 लोगों को रंगे हाथ पकड़ा गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान महेश सिंह, हीरालाल पाल, अक्की जायसवाल, छोटू सिंह, संदेश मसीह, अनिल कुमार वर्मा, आकाश भोई और विशाल छाबड़ा के रूप में हुई है, जिनमें से अधिकांश कस्तूरबा नगर के निवासी हैं। इस छापेमारी के दौरान इनके पास से कुल 144000 रुपये की कैश बरामद की गई है।
मामले की गहराई से जांच करने पर यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि जुआ खेलने के लिए कमरा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर बुक कराया गया था। इस पूरी गतिविधि की जानकारी होटल संचालक एस.के. सिन्हा को भी थी, जिसके चलते उसकी संलिप्तता पाए जाने पर उसे भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है।


