रायपुर। CG NEWS: छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी को देखते हुए साय सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 20 अप्रैल से स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में भी बदलाव किया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस संबंध में सभी कलेक्टरों को आदेश जारी कर दिए हैं।

नए आदेश के अनुसार अब आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 7 बजे से 11 बजे तक ही संचालित होंगे। पहले केंद्र करीब 6 घंटे तक चलते थे, लेकिन अब समय घटाकर 4 घंटे कर दिया गया है ताकि छोटे बच्चों को तेज धूप और लू से बचाया जा सके। सरकार ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को बिना जरूरत घर से बाहर न भेजें, पर्याप्त पानी पिलाएं और ठंडी जगह पर रखें। गर्मी को देखते हुए प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।


