दुर्ग। जिले के जेवरा-सिरसा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। ग्राम तुमाकला के उपसरपंच एवं बोरी मंडल के कांग्रेस नेता प्रकाश सिंह कश्यप की चार बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे लूट के दौरान विरोध करने पर की गई हत्या मान रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रकाश सिंह कश्यप रविवार रात भिलाई से अपने गांव तुमाकला लौट रहे थे। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। जैसे ही वे करहीडीह और चिखली चौक के बीच पहुंचे, एक बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने उनसे मोबाइल फोन और नकदी छीनने का प्रयास किया। प्रकाश सिंह कश्यप ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उनका मोबाइल फोन और करीब 4 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना के दौरान उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जेवरा-सिरसा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला लूट के इरादे से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश जारी है।
प्रकाश सिंह कश्यप की हत्या से गांव तुमाकला सहित पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

