भानुप्रतापपुर। CG NEWS: भानुप्रतापपुर कांकेर जिले में अवैध शराब की बिक्री और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन एवं एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे उजियारा अभियान के तहत भानुप्रतापपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम जुनवानी में अवैध महुआ शराब बिक्री के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को 4 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जुनवानी में एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी अमर सिंह भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी नरेंद्र कुमार कोमरा (33 वर्ष), पिता टेंगरू राम कोमरा, निवासी ग्राम जुनवानी के कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1,500 रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अमर सिंह भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई अहम रही।
कार्रवाई में एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी अमर सिंह भारद्वाज, पीएसआई फलित साहू, प्रधान आरक्षक विजय कटकवार, आरक्षक टोमन साहू, गौतम हुपेंडी एवं महिला आरक्षक रेवती शोरी की भूमिका रही। कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, जुआ, सट्टा या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी किया गया है।


