गरियाबंद। CG BREAKING: गरियाबंद जिले के राजिम से बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक चलती ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। घटना फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के बिजली गांव की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक कुंडेल धान संग्रहण केंद्र के लिए धान लेकर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक के इंजन में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि तेज गर्मी के कारण इंजन ओवरहीट होने से आग भड़की। आग लगते ही ट्रक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं कुछ ही देर में ट्रक की डीजल टंकी फटने से इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि इस हादसे में ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया, लेकिन किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


