महाराष्ट्र के विरार में तीन नाबालिग लड़कियों के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में 45 वर्षीय कमलेश कदम को पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर कई महीनों तक तीन नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी को वसई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
शिकायत के बाद दर्ज हुई FIR
पुलिस के अनुसार, हाल ही में एक नाबालिग लड़की की शिकायत के आधार पर विरार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m) और 65(1) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 8 और 12 के तहत कार्रवाई की गई है।
जांच में सामने आया कि कथित पीड़िताओं में दो सगी बहनें भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और गुजरात पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया।
दोस्त के परिवार की जिम्मेदारी का उठाया कथित फायदा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी का एक दोस्त जेल में बंद है। बताया जा रहा है कि जेल जाने से पहले दोस्त ने अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी की देखभाल की जिम्मेदारी कमलेश कदम को सौंपी थी। इसी दौरान महिला और उसकी बेटी आरोपी के घर पर रहने लगी थीं।
आरोप है कि जब लड़की की मां घर पर नहीं होती थी, तब आरोपी कथित तौर पर नाबालिग को अकेला पाकर उसका यौन शोषण करता था। बताया गया है कि आरोपी लड़की को धमकियां भी देता था।
पड़ोस में रहने वाली दो बहनों को भी बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर पड़ोस में रहने वाली दो नाबालिग सगी बहनों के साथ भी दुष्कर्म करने का आरोप है। आरोप है कि 31 तारीख की रात आरोपी ने अपने घर पर पार्टी रखी और दोनों बहनों को वहां बुलाया। कथित तौर पर उन्हें शराब पिलाने के बाद उनके साथ दुष्कर्म किया गया।
जानकारी के अनुसार, यह सिलसिला करीब डेढ़ महीने तक चलता रहा। इसके बाद पीड़िताओं में से एक ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस हिरासत में आरोपी, जांच जारी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की। फरार आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। नाबालिगों से जुड़े इस संवेदनशील मामले में आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होनी बाकी है।

