धमतरी। CG NEWS : जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के श्यामतराई में एक घर में कथित देह व्यापार का पुलिस द्वारा भंडाफोड़ किए जाने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस ने स्थानीय लोगों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मौके से 18 लोगों को पकड़ा था। इनमें 6 महिलाएं, 12 पुरुष और दो नाबालिग युवक शामिल बताए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की थी। इसके बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित घर में लंबे समय से ऐसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर की कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि एक महिला द्वारा कथित तौर पर लंबे समय से इस घर में देह व्यापार कराया जा रहा है।
ग्रामीणों का दावा है कि ऐसी गतिविधियां पिछले करीब चार वर्षों से चल रही हैं और इससे आसपास रहने वाले लोग परेशान हैं। इसी नाराजगी के चलते स्थानीय लोगों ने संबंधित घर के सामने पहुंचकर घेराव किया और नारेबाजी की।
दो डीएसपी की संयुक्त कार्रवाई
बताया जा रहा है कि जिस घर से 18 लोगों को पकड़ा गया, वहां कार्रवाई अर्जुनी थाना प्रभारी द्वारा अकेले नहीं की गई, बल्कि अर्जुनी थाना क्षेत्र के दो डीएसपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की थी।
पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि क्षेत्र में जहां भी इस तरह की गतिविधियां सामने आएंगी, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में ऐसी गतिविधियां दोबारा सामने आती हैं तो वे घर का घेराव, चक्काजाम जैसे विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की चेतावनी भी दी है। हालांकि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
फिलहाल पुलिस मामले में सामने आए आरोपों और स्थानीय लोगों की शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।


