रायपुर। Bank Strike : देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल से पहले रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSB) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) सामान्य रूप से खुले रहे। ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए सरकार ने बैंकों को रविवार, 27 सितंबर को काम करने के निर्देश दिए हैं। RBI ने भी बैंक शाखाओं, ATM-linked branches और करेंसी चेस्ट को रविवार को पूरी तरह संचालित रखने की मंजूरी दी है। बैंक हड़ताल से पहले रविवार को बैंक खुले रहे, तो जरूरी बैंकिंग काम निपटाने के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। दरअसल, विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है। हड़ताल के चलते सोमवार से बुधवार तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है। इसके बाद शुक्रवार को गांधी जयंती और शनिवार-रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने से बैंकिंग व्यवस्था पर असर पड़ सकता है।
हड़ताल को देखते हुए रविवार को खुले बैंकों में बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचे। लोगों ने कैश निकासी, जमा, लेन-देन समेत अपने जरूरी बैंकिंग काम पहले ही निपटाने की कोशिश की। बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना समेत अन्य मांगें शामिल हैं। लगातार तीन दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका के चलते ग्राहकों ने रविवार का दिन काम पूरा करने के लिए चुना।

बैंक हड़ताल के बाद गांधी जयंती का अवकाश और फिर शनिवार-रविवार का साप्ताहिक अवकाश होने से बैंकिंग कामकाज प्रभावित रहने की स्थिति बन रही है। ऐसे में ग्राहकों को एटीएम, ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल लेन-देन पर ज्यादा निर्भर रहना पड़ सकता है। वहीं रविवार को बैंक पहुंचे ग्राहकों का कहना है कि आगामी दिनों में बैंक बंद रहने की संभावना को देखते हुए उन्होंने जरूरी काम पहले ही निपटा लिया।
फाइव-डे बैंकिंग लागू करने की प्रमुख मांग
28 से 30 सितंबर तक यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग सभी शनिवार को छुट्टी देकर फाइव-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। फिलहाल सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है। सरकार के अनुसार, 28 से 30 सितंबर की हड़ताल का मुख्य लंबित मुद्दा पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है।
रविवार को भारतीय स्टेट बैंक (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक समेत कई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक खुले रहे।
ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे हड़ताल के दौरान शाखा से जुड़े जरूरी काम में संभावित परेशानी से बचने के लिए अपने आवश्यक बैंकिंग कार्य पहले ही निपटा लें।
हड़ताल के दौरान शाखाओं की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, लेकिन डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहने की उम्मीद है। ग्राहक नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI और ATM जैसी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।


