जांजगीर-चांपा। CG NEWS: जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से युवती का पीछा कर अश्लील टिप्पणी और छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने 20 सितंबर को पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम झिलमिली निवासी 21 वर्षीय धीरेंद्र खांडेकर लगातार उसका पीछा कर रहा था। आरोप है कि आरोपी युवती के आने-जाने के दौरान रास्ते में अश्लील कमेंट करता था और उसकी बेइज्जती करने की नीयत से छेड़छाड़ भी करता था।

शिकायत के आधार पर पामगढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 398/26 दर्ज कर BNS की धारा 74, 75(2), 78 और 79 के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। महिला संबंधी अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन और SDOP शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम झिलमिली में दबिश देकर आरोपी धीरेंद्र खांडेकर को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पामगढ़ पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई की बात कही है।


