कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत करीब 2.50 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क पहली ही बारिश में धंस गई। सड़क निर्माण पूरा हुए महज तीन महीने ही हुए थे कि पुलिया के पास सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि सड़क का निर्माण मार्च 2026 में पूरा हुआ था। बुधवार को एक हाइवा पुलिया के पास से गुजर रहा था, तभी सड़क अचानक धंस गई और वाहन बीच रास्ते में फंस गया। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क की परत हाथ से उखाड़कर उसकी खराब गुणवत्ता का वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य स्तरीय जांच टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। जांच में सड़क निर्माण और गुणवत्ता की निगरानी में लापरवाही सामने आने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर पीएम जनमन योजना के सहायक अभियंता (AE) सीएम देशमुख और उप अभियंता (Sub Engineer) जे. तिरिया नायडू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, कार्यपालन अभियंता (EE) संतोष कुमार ठाकुर के निलंबन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
इसके अलावा सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार तिलक चंद्रवंशी को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही और गुणवत्ता में कमी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क पहली बारिश भी नहीं झेल सकी, जिससे सरकारी योजनाओं की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

