Mahasamund. महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से 25 लाख रुपए नकद बरामद किए। यह कार्रवाई पटेवा थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-53, ग्राम जोगीडीपा के पास की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वाहन में बड़ी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद चेकिंग के दौरान पिथौरा की ओर से आ रही काले रंग की मारुति ग्रैंड विटारा (क्रमांक ओडी 15 एए 5080) को रोका गया। वाहन चालक की पहचान मोहित आनंद (26), निवासी बुधाराजा, संबलपुर (
ओडिशा
) के रूप में हुई।तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट पर रखे बैग से 500-500 रुपए के नोटों के 50 बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल रकम 25 लाख रुपए थी। पूछताछ में मोहित आनंद ने बताया कि वह रायपुर में फ्लैट खरीदने के लिए नकदी ले जा रहा था। हालांकि, वह मौके पर नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी मोहित आनंद के खिलाफ धारा 94 बीएनएस के तहत नोटिस जारी किया। बरामद रकम के साथ-साथ वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कुल जप्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 40 लाख 45 हजार 840 रुपए है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और नकदी के स्रोत की गहन पड़ताल जारी है। अधिकारियों ने बताया कि बड़ी राशि ले जाने वाले व्यक्तियों की सतर्कता और वाहन चेकिंग लगातार जारी रहेगी। पटेवा थाना पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा अवैध तरीके से नकदी ले जाना या लाना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

