मिडिल ईस्ट (Middle East) में युद्ध की शुरुआत हो गई है। इज़रायल (Israel) ने आज ईरान (Iran) पर हमला कर दिया है। ईरान की राजधानी तेहरान (Tehran) में मिसाइलों के हमले से भीषण धमाके हुए हैं। बताया जा रहा है कि इज़रायल ने अमेरिका (United States Of America) के इशारे पर ही ईरान पर मिसाइलें दागीं हैं और यह हमला दोनों देशों का जॉइंट ऑपरेशन है।
पिछले काफी समय से अटकलें लगाई जा रही थीं कि अमेरिका और ईरान में जल्द ही युद्ध शुरू हो सकता है और आज, शनिवार, 28 फरवरी को युद्ध का बिगुल बज गया है। हालांकि हमला अमेरिका ने सीधे तौर पर नहीं किया, बल्कि इज़रायल ने किया, जो कुछ हद तक हैरान करने वाली बात है।
इज़रायली हवाई हमलों के बाद अमेरिका ने ईरान पर समुद्र से हमले शुरू कर दिए हैं। गौरतलब है अमेरिका ने पहले से ही ईरान के समुद्र के पास एक शक्तिशाली नौसेना बेड़ा तैयार किया गया था।
पीएम मोदी के दौरे के बाद किया हमला
इज़रायल पिछले कुछ समय से ईरान पर हमले की तैयारी में था जिसकी पूरी जानकारी अमेरिका को थी। इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) सिर्फ भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Indian Prime Minister Narendra Modi) के इज़रायल दौरे का इंतज़ार कर रहे थे। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नेतन्याहू का प्लान पीएम मोदी के इज़रायल दौरे के बाद ईरान पर हमला करना था और ऐसा ही हुआ। असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने भी कहा था कि पीएम मोदी के दौरे के बाद इज़रायल और अमेरिका की तरफ से ईरान पर हमला किया जा सकता है।
खामेनेई के दफ्तर के पास हमला
बताया जा रहा है कि इज़रायल ने ईरान में कई जगहों पर हमले किए हैं। ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई (Ali Khamenei) के दफ्तर के पास भी इज़रायल ने मिसाइल दागी है और जोरदार धमाका हुआ है। इज़रायली हमले से ईरान में कई इमारतें तबाह हो गई हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार इज़रायल ने ईरान में कई सैन्य और खुफिया ठिकानों के साथ ही ईरानी परमाणु ऊर्जा संगठन के ठिकानों को भी निशाना बनाया है।
अलर्ट पर दोनों देश
इज़रायल के ईरान पर हमले के बाद दोनों देश अलर्ट पर है। दोनों देशों ने अपने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा है। दोनों देशों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है और लगातार कई शहरों में सायरन बज रहे हैं। इस बात की संभावना जताई जा रही है कि ईरान भी जल्द ही इज़रायल के हमले का जवाब दे सकता है।
दोनों देशों ने बंद किया एयरस्पेस
इज़रायल और ईरान दोनों ने ही अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। तेल अवीव एयरपोर्ट (Tel Aviv) पर सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसके साथ ही इराक (Iraq) ने भी अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। बताया जा रहा है कि इराक के एयरस्पेस के ज़रिए ही इज़रायल ने ईरान पर हमला किया है।

