बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नगर निगम ने लंबे समय से किराया बकाया रखने वाले बस ऑपरेटर्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। निगम की टीम ने 20 बस ऑपरेटर्स के कार्यालय सील कर दिए। इन ऑपरेटर्स पर नगर निगम का करीब 1.67 करोड़ रुपये का किराया बकाया बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम द्वारा कई बार नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद संबंधित बस ऑपरेटर्स ने निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं किया। इसके बाद निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए उनके कार्यालयों को सील कर दिया।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि बकाया राशि की वसूली के लिए यह कार्रवाई की गई है। यदि इसके बाद भी किराया जमा नहीं किया जाता है तो नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। कार्यालय सील होने से बस ऑपरेटर्स में हड़कंप मच गया। निगम ने साफ किया है कि सरकारी राजस्व की वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने सभी बकायेदारों से जल्द से जल्द बकाया राशि जमा करने की अपील की है, ताकि आगे की कार्रवाई से बचा जा सके।

