स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट को एक और युवा सितारा मिल गया है। महज 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ मैदान पर अपने आत्मविश्वास से भी सबका ध्यान खींच लिया है। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले के दौरान उनका एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मैच के दौरान जब वैभव अपने सीनियर ओपनिंग पार्टनर अभिषेक शर्मा के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे, तब स्टंप माइक में दोनों खिलाड़ियों की बातचीत रिकॉर्ड हो गई। बल्लेबाजी की रणनीति बनाते हुए वैभव ने अभिषेक से हंसते हुए पूछा, “सामने जाएगी कि पीछे मारूं?” इस पर दोनों खिलाड़ियों के बीच हल्की मुस्कान भी देखने को मिली। यही छोटा सा पल अब सोशल मीडिया पर लाखों क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
क्रिकेट फैंस वैभव के आत्मविश्वास की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बिना किसी दबाव के खेलना और सीनियर खिलाड़ी से इस तरह खुलकर बात करना उनके बेखौफ अंदाज को दर्शाता है। कई यूजर्स ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का भविष्य बताया, जबकि कुछ ने अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी को आने वाले वर्षों की सबसे विस्फोटक ओपनिंग जोड़ी बताया।
Debut day, wise words ft. #VaibhavSooryavanshi 🗣️😌#ENGvIND 2nd T20I 👉 Streaming LIVE on JioHotstar! pic.twitter.com/OoWd7lUbEy
— Star Sports (@StarSportsIndia) July 4, 2026
वैभव सूर्यवंशी पहले ही अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोर चुके हैं। अब मैदान पर उनका यह हल्का-फुल्का अंदाज भी क्रिकेट प्रेमियों को खूब पसंद आ रहा है। यही वजह है कि मैच खत्म होने के कुछ ही घंटों में यह वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो गया।

