Amit Shah: नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार सीमा पार घुसपैठ के खिलाफ शून्य-सहिष्णुता की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि देश की सीमाओं को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए जल्द ही ‘स्मार्ट बॉर्डर’ परियोजना शुरू की जाएगी। इस योजना के तहत अवैध प्रवासियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर भेजने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।
विज्ञान भवन में आयोजित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने बताया कि 6,000 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आधुनिक सुरक्षा ग्रिड तैयार किया जाएगा। इसके लिए बीएसएफ को ड्रोन रडार, हाईटेक कैमरे और अन्य अत्याधुनिक तकनीकों से लैस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घुसपैठ और पशु तस्करी रोकने के लिए राज्य पुलिस, जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय बढ़ाया जाएगा।
गृह मंत्री ने पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा सरकारों के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि समस्या को केवल नियंत्रित करना पर्याप्त नहीं, बल्कि उसे जड़ से खत्म करना जरूरी है। शाह ने बीएसएफ के योगदान की सराहना करते हुए बताया कि आज यह बल 2.7 लाख जवानों के साथ दुनिया का सबसे बड़ा सीमा सुरक्षा बल बन चुका है।

