Rishikesh ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में भारी बारिश के बाद उफान पर आई बीन नदी में एक वाहन गिरने से बड़ा हादसा हो गया। चीला बैराज रोड पर रात करीब 9 बजे अनियंत्रित होकर वाहन पलट गया और नदी में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल यानी SDRF की टीम मौके पर पहुंची और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने वाहन में फंसे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। भारी बारिश के कारण क्षेत्र की नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया था। चीला बैराज रोड पर स्थित बीन नदी भी तेज बहाव के साथ बह रही थी। इसी दौरान सड़क से गुजर रहा वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। वाहन पलटते हुए सीधे उफनती नदी में जा गिरा, जिससे उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

