झज्जर। प्रयागराज महाकुंभ में सुर्खियां बटोरने वाले IIT बाबा अभय सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी शादी है। हरियाणा के झज्जर निवासी अभय सिंह ने कर्नाटक की एक इंजीनियर से विवाह किया है, जिसके बाद वे फिर से खबरों में आ गए हैं।
कौन हैं अभय सिंह की पत्नी
अभय सिंह की पत्नी का नाम प्रतीका है और वे कर्नाटक की रहने वाली हैं। वह पेशे से इंजीनियर हैं। एक इंटरव्यू में प्रतीका ने बताया कि उनकी अभय सिंह से करीब एक साल पहले मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने शादी करने का फैसला लिया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अभय सिंह का स्वभाव काफी पसंद आया। फिलहाल दोनों झज्जर में अभय सिंह के माता-पिता से मिलने आए हैं और भविष्य में ‘सनातन यूनिवर्सिटी’ बनाने की योजना पर विचार कर रहे हैं।
कौन हैं अभय सिंह
‘IIT बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध अभय सिंह का जन्म हरियाणा के झज्जर जिले में हुआ था। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा यहीं पूरी की और 12वीं के बाद आईआईटी-जेईई की तैयारी की। वर्ष 2008 में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 731 हासिल की और IIT Bombay में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में दाखिला लिया। पढ़ाई पूरी करने के बाद वे कनाडा की एक एयरक्राफ्ट कंपनी में काम करने लगे, लेकिन कोरोना लॉकडाउन के दौरान भारत लौट आए। कहा जाता है कि उन्होंने करीब 35 लाख रुपये सालाना की नौकरी छोड़ दी थी। उनके पिता कर्ण सिंह पेशे से वकील हैं, जबकि मां गृहिणी हैं।
महाकुंभ से पहले तक अभय सिंह गुमनाम जीवन जी रहे थे, लेकिन जूना अखाड़ा से जुड़ने के बाद उन्हें पहचान मिली। जब उन्होंने IIT की पढ़ाई और अच्छी-खासी नौकरी छोड़कर साधु बनने की कहानी साझा की, तो वे तेजी से चर्चा में आ गए और ‘IIT बाबा’ के नाम से मशहूर हो गए। हालांकि, अपने कुछ बयानों के चलते वे विवादों में भी रहे और एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें अपने अखाड़े से बाहर कर दिया गया।
गौरतलब है कि महाकुंभ में चर्चा में आई माला बेचने वाली युवती मोनालिसा ने भी हाल ही में शादी की है। उन्होंने केरल के एक मंदिर में अपने मुस्लिम साथी फरमान खान से विवाह किया, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ और उनके परिवार ने भी इसका विरोध किया। फिलहाल यह मामला अभी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है।

