JK: नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छात्रू क्षेत्र में रविवार को सुरक्षाबलों और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में संगठन का एक शीर्ष कमांडर समेत दो आतंकवादी मार गिराए गए। अधिकारियों के अनुसार, भारतीय सेना को छात्रू के घने जंगलों में दो संदिग्ध आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली थी। इसके आधार पर सुबह सेना ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जैसे ही सुरक्षा बल इलाके में पहुंचे, छिपे हुए आतंकियों ने उन पर भारी गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने त्वरित और सटीक जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों आतंकवादी ढेर हो गए।
JK: इस संयुक्त ऑपरेशन में जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ और 2 पैरा स्पेशल फोर्सेस की टीमें शामिल थीं। सेना के व्हाइट नाइट कोर ने बताया कि ऑपरेशन में पूर्ण समन्वय और रणनीतिक सटीकता बरती गई। मारे गए आतंकियों के पास से 2 एके-47 राइफलें, 5 एके मैगजीन और अन्य हथियार बरामद किए गए। सूत्रों के मुताबिक, मारा गया कमांडर पहले भी कई बार सुरक्षा बलों को चकमा दे चुका था और विभिन्न हमलों में शामिल रहा है। मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन जारी रखा है ताकि क्षेत्र में कोई और आतंकवादी छिपा न रहे।

