असम के कामरूप मेट्रो जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) पर रविवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। खेत्री के नालगेदेरा इलाके में एक यात्री वाहन की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक महिला भी शामिल है, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यात्री वाहन नागांव से गुवाहाटी की ओर जा रहा था। नालगेदेरा के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्री वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल बाहर निकालकर सोनापुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) रेफर किया गया।
दुर्घटना के बाद NH-27 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है और मृतकों व घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

