पटना। बिहार की राजधानी पटना में छात्रों का प्रदर्शन उस समय सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया, जब पुलिस की वॉटर कैनन कार्रवाई के दौरान प्रदर्शनकारी भागने के बजाय पानी की बौछार में झूमते और नाचते नजर आए। विरोध प्रदर्शन का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे “रेन डांस प्रोटेस्ट” कहकर शेयर कर रहे हैं। हालांकि प्रदर्शन का मुद्दा गंभीर था और कथित NEET-2026 पेपर लीक के विरोध से जुड़ा था।
जानकारी के मुताबिक, पटना में छात्र संगठन प्रदर्शन कर रहे थे। भीषण गर्मी के बीच जब पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, तो कई प्रदर्शनकारी पानी से बचने की बजाय उसी में नाचने लगे। कुछ छात्रों ने पुलिसकर्मियों से मजाकिया अंदाज में कहा कि “अच्छी व्यवस्था नहीं की है”, जिसके बाद माहौल कुछ देर के लिए हल्का हो गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर लाखों बार देखा जा चुका है।
In Patna, Bihar, the police used water cannons on the protesters… and the protesters started dancing, singing, and enjoying a shower. 🫶😂😂 pic.twitter.com/sVNZ8pYBmy
— زماں (@Delhiite_) July 22, 2026
हालांकि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण नहीं रहा। शहर के कुछ इलाकों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए वॉटर कैनन और अन्य उपायों का इस्तेमाल किया। बाद में कई लोगों को हिरासत में लिया गया और हिंसा में शामिल संदिग्धों की पहचान के लिए जांच शुरू की गई।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स इसे “देश का सबसे कूल प्रोटेस्ट” बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि विरोध का मुद्दा गंभीर है, इसलिए वायरल वीडियो के आधार पर पूरे आंदोलन का आकलन नहीं किया जाना चाहिए।

