तमिलनाडु की राजनीति में 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर अभी से प्रधानमंत्री पद की दावेदारी का मुद्दा गरमा गया है। मुख्यमंत्री और अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय को प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाए जाने की मुहिम पर सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर ही मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। TVK समर्थकों के ‘Vijay for PM in 2029’ अभियान पर DMK ने जमकर निशाना साधा है, वहीं कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि 2029 में उसके लिए राहुल गांधी ही प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।
सर्वे के बाद तेज हुई ‘विजय फॉर PM’ की चर्चा
दरअसल, हाल ही में जारी India Today-CVoter के Mood of the Nation सर्वे में मुख्यमंत्री विजय प्रधानमंत्री पद के लिए पसंद किए जाने वाले नेताओं में तीसरे स्थान पर रहे। उनसे आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी रहे।
सर्वे के नतीजे सामने आने के बाद TVK समर्थकों ने विजय को 2029 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की मुहिम को तेज कर दिया। तमिलनाडु के कुछ इलाकों में ‘Vijay for PM 2029’ के पोस्टर भी दिखाई दिए।
यही बात अब राज्य की सियासत में विवाद का कारण बन गई है।
DMK का तंज- ‘कल्पना की कोई सीमा नहीं’
विजय की प्रधानमंत्री पद की चर्चा पर DMK नेता आरएस भारती ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि TVK नेता अगर इसी तरह बोलते रहे तो वे यह भी कह सकते हैं कि विजय संयुक्त राष्ट्र के प्रमुख बनने वाले हैं।
भारती ने कहा कि ‘कल्पना की कोई सीमा नहीं है’ और TVK को जो सोचना है, वह सोचने दिया जाए।
उन्होंने कांग्रेस और TVK के बीच इस मुद्दे को लेकर पैदा हो रहे विरोधाभास पर भी सवाल उठाया। उनका कहना था कि अगर विजय को प्रधानमंत्री बनाने की बात हो रही है, तो इसका मतलब यह हुआ कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की कांग्रेस की इच्छा पर सवाल खड़ा हो रहा है।
कांग्रेस बोली- 2029 में राहुल गांधी ही PM चेहरा
TVK के साथ तमिलनाडु सरकार में शामिल कांग्रेस ने भी विजय की प्रधानमंत्री पद की दावेदारी पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।
तमिलनाडु के पर्यटन मंत्री एस. राजेश कुमार ने कहा कि कांग्रेस के लिए राहुल गांधी ही 2029 में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं।
उन्होंने यहां तक कहा कि अगर TVK राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर समर्थन नहीं देती है और विजय को इस पद के लिए आगे बढ़ाती रहती है, तो सरकार में शामिल कांग्रेस के दोनों मंत्री अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
कांग्रेस नेता ने सर्वे पर भी उठाए सवाल
तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष बी. मणिक्कम टैगोर ने भी इस पूरे मामले पर सीधे विजय का नाम लिए बिना सर्वे की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ‘The Fox’s Fake Poll’ शीर्षक से एक कहानी साझा की। इसमें सर्वे की प्रक्रिया और उसके आंकड़ों को लेकर सवाल खड़े किए गए।
टैगोर ने लिखा कि हर आंकड़ा सच नहीं बताता और हर सर्वे जनता की आवाज नहीं होता।
उनके इस पोस्ट को TVK और विजय के समर्थन में आए Mood of the Nation सर्वे पर निशाने के तौर पर देखा गया।
TVK के अंदर विजय को राष्ट्रीय नेता बनाने की कोशिश
विजय की पार्टी TVK लगातार उनका कद तमिलनाडु से बाहर राष्ट्रीय राजनीति तक ले जाने की कोशिश करती नजर आ रही है। पार्टी नेताओं की ओर से विजय को भविष्य में देश का नेतृत्व करने वाला चेहरा बताया जा रहा है।
विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके समर्थकों में ‘Vijay for PM 2029’ का नारा तेजी से जोर पकड़ रहा है। ऐसे में यह मुद्दा सिर्फ समर्थकों की सोशल मीडिया मुहिम तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अब गठबंधन की राजनीति को भी प्रभावित करता दिखाई दे रहा है।
INDIA गठबंधन में राहुल गांधी को लेकर तस्वीर साफ करने की कोशिश
इसी बीच MDMK प्रमुख और विजय के सहयोगी नेताओं में शामिल वाइको ने भी कहा कि INDIA गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर राहुल गांधी का कोई विकल्प नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें संदेह है कि खुद विजय की प्रधानमंत्री पद के लिए ऐसी कोई महत्वाकांक्षा है। वाइको ने TVK के साथ गठबंधन में शामिल नेताओं से इस तरह के बयानों से बचने की अपील भी की।
एक सर्वे ने खोल दी गठबंधन की अंदरूनी खींचतान?
विजय के प्रधानमंत्री पद की चर्चा ने तमिलनाडु की सियासत में एक दिलचस्प स्थिति पैदा कर दी है। एक तरफ TVK समर्थक विजय को 2029 के लिए राष्ट्रीय नेता के तौर पर पेश कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ उसी सरकार में शामिल कांग्रेस राहुल गांधी को अपना प्रधानमंत्री पद का चेहरा बता रही है।
वहीं विपक्षी DMK इस मतभेद को गठबंधन की कमजोरी के तौर पर पेश करने में जुट गया है।
फिलहाल 2029 का लोकसभा चुनाव अभी दूर है, लेकिन ‘Vijay for PM’ बनाम ‘Rahul Gandhi for PM’ की बहस ने तमिलनाडु की राजनीति में सियासी तापमान जरूर बढ़ा दिया है।

