(Photo Credis ANI)
Agra-Lucknow Expressway Accident Video: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. यहां दिल्ली से बिहार जा रही एक निजी ट्रैवलर बस अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में कम से कम छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एक्सप्रेसवे राहत दल ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया.
औरास थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
यह दुर्घटना उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर मार्कर 262 के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बस अचानक संतुलन खोने के कारण पलट गई. इस खौफनाक हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में क्षतिग्रस्त बस और मौके पर मची चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोग और पुलिस कर्मी घायलों को बाहर निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं.
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा
#BREAKING उन्नाव के थाना औरास क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के पर सुबह एक प्राइवेट बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 05 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 यात्री घायल हो गए।पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर @unnaopolice @Uppolice #UNNAO pic.twitter.com/dHrWL3TJ3Y
— Monu Lodhi 🇮🇳 (@monu_lodh) May 26, 2026
मृतकों में बिहार पुलिस के सब-सिस्पेक्टर भी शामिल
जेल और पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में बिहार के सीवान जिले के एक उप-निरीक्षक (Sub-Inspector) रामचंद्र भी शामिल हैं. वह एक कैदी छत्रपाल को लेकर अदालती कार्यवाही या जांच के सिलसिले में दिल्ली गए थे. दिल्ली से वापस लौटते समय वह इसी बस में सवार थे, तभी यह हादसा हो गया. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है.
घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया
हादसे में घायल हुए 10 से अधिक लोगों में से कई की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है. प्रशासन की ओर से घायलों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.
बाराबंकी में भी हुआ एक अन्य दर्दनाक हादसा
उत्तर प्रदेश में ही एक अन्य दुखद घटना बाराबंकी जिले से सामने आई है, जहां महमूददाबाद की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ट्रेलर ने घर के बाहर सो रहे एक ही परिवार के लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में 35 वर्षीय नीरज और उनके तीन बच्चों—अनुराग (13 वर्ष), अंशिका (10 वर्ष) और अंशु (6 वर्ष) की मौत हो गई. नीरज की पत्नी आरती गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती और भीषण गर्मी के कारण यह परिवार घर के बाहर सो रहा था. आरोप है कि मुख्य चालक सो रहा था और उसने वाहन की स्टीयरिंग अपने हेल्पर को सौंप दी थी, जिससे यह हादसा हुआ. पुलिस दोनों ही मामलों में कानूनी कार्रवाई कर रही है.

