मनोज श्रीवास्तव / मनेन्द्रगढ़। CG VIDEO : मनेन्द्रगढ़ उपजेल में पदस्थ प्रहरी संतोष तिवारी का रिश्वत लेते हुए कथित वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वीडियो में प्रहरी कैदियों के परिजनों से पैसे लेते दिखाई दे रहा है। मामला सामने आने के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और विभागीय कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में मनेन्द्रगढ़ उपजेल में पदस्थ प्रहरी संतोष तिवारी कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते नजर आ रहा है। वीडियो में वह ‘राधे-राधे’ बोलते हुए पैसे अपनी जेब में रखता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि उपजेल में बंद विचाराधीन कैदियों को प्रताड़ित करने और उन्हें सुविधा देने के नाम पर उनके परिजनों से लगातार अवैध वसूली की जाती थी। सूत्रों के मुताबिक, कई मामलों में करीब 1 लाख 30 हजार रुपये तक की रकम वसूलने के आरोप लगाए गए हैं।

वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने जेल प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल यह वीडियो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं मामले के उजागर होने के बाद संबंधित विभाग पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।


