बिलासपुर। CG VIDEO : चकरभाठा थाना क्षेत्र में अज्ञात नकाबपोश चोरों ने सूने मकान और एक फॉर्म हाउस को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर सोने-चांदी के जेवर, एक कीमती मूर्ति, डेढ़ लाख रुपये नकद सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब मकान और फॉर्म हाउस में कोई मौजूद नहीं था। वारदात के दौरान चोरों की गतिविधियां वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गईं, जिसका फुटेज अब सामने आया है। फुटेज में कुछ नकाबपोश संदिग्ध परिसर में आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पीड़ित की शिकायत पर चकरभाठा थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

