राजनांदगांव। CG NEWS: राजनांदगांव शहर के दुर्गा चौक क्षेत्र में उधारी रकम वापस नहीं करने की बात पर एक व्यक्ति को जबरन ले जाकर शटर बंद कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। मारपीट का विडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
शहर के ठेठवार पारा निवासी प्रार्थी सन्नी पंसारी द्वारा थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि उसके द्वारा दीपक जैन, सौरभ जैन से लगभग 3 लाख रुपये उधार लिया गया था, जिसका वह प्रतिमाह किश्त अदा कर रहा था।

बीते 18 सितम्बर की दोपहर शहर के दुर्गा चौक के पास सौरभ जैन, दीपक जैन और उनके एक अन्य साथी द्वारा अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने घर ले जाया गया। वहां घर का शटर बंद कर उधारी रकम वापस करने की बात कहते हुए पैसों की और लकड़ी के बैट एवं हाथ-मुक्के से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। इस मारपीट का वीडियो भी वायरल हुआ।
मामले की रिपोर्ट के बाद थाना बसंतपुर पुलिस द्वारा सदर लाईन निवासी आरोपी सौरभ जैन, दीपक जैन और चौखड़ियापारा निवासी करण साहू को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में सीएसपी सत्य प्रकाश ने कहा कि रूपयों के लेनदेन को लेकर आरोपियों के द्वारा मारपीट की गई है जिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है।
बसंतपुर पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला और घटनास्थल पर पैदल लेकर गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है ।


