बिलासपुर। CG VIDEO : जिले के सरकंडा क्षेत्र में इन दिनों एक पागल बैल का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि राहगीरों का सड़कों पर चलना दूभर हो गया है। ताजा मामला रामाग्रीन सिटी कॉलोनी के आगे जायसवाल होटल के सामने का है, जहाँ पैदल जा रहे एक अधेड़ व्यक्ति को बेकाबू बैल ने अचानक अपनी चपेट में ले लिया और उसे हवा में उछालकर जमीन पर पटक दिया, जिससे व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बैल की आक्रामकता साफ़ देखी जा सकती है। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी मदद के लिए टीम मौके पर नहीं पहुँची। सरकारी तंत्र की इस लापरवाही के बीच बजरंग दल के संयोजक गौरव धनकर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति को संभाला। उन्होंने तत्काल घायल के परिजनों को सूचित किया और एम्बुलेंस के इंतजार में समय गंवाने के बजाय एक ई-रिक्शा बुलाकर घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसका उपचार जारी है।


