Market. मंडी। पंच परमेश्वर के चुनाव को चल रही प्रक्रिया मंडी में अंतिम दौर में पंहुच गई है। मंडी जिला की 577 पंचायतों में चल रही इस चुनाव प्रक्रिया के दौरान अंतिम व तीसरे चरण में 183 पंचायतों में मतदान 30 मई को करवाया जाएगा। यह मतदान 30 मई की सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक करवाया जाएगा। इस मतदान के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंडी जिला में अंतिम चरण का मतदान करवाने के लिए 1015 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। मतदान करवाने के लिए 4060 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। यही कर्मचारी मतदान करवाने के बाद मतगणना कर नए पंच परमेश्वर की पहचान कर परिणाम भी
घोषित करेंगे।
मंडी जिला में 36 जिला परिषद वार्ड सदस्यों सहित 267 ब्लाक समिति सदस्यों के चुनाव के लिए भी शेष बची 183 पंचायतों में चुनाव करवाया जाएगा। इनके मतपत्रों की गणना 31 मई को करवाई जाएगी और यह गणना 14 स्थानों पर वार्ड वाइज होगी। मंडी में पहले चरण में 198 और दूसरे चरण में 196 पंचायतों में मतदान करवाकर पंच, प्रधान और उप प्रधान के मतों की गणना कर परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। मंडी में दो चरणों में करवाए गए पंचायत चुनावों मे 394 पंचायतों में प्रतिनिधियों का चुनाव कर लिया गया है। इन दो चरणों में जिला परिषद के लिए मैदान में आए 183 प्रत्याशियों सहित ब्लॉक समिति के लिए 1027 उम्मीवारों के चयन के लिए भी मतदान करवाया गया है। इस मतदान के बाद मत पेटियों को कडी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा गया है। मंडी डीसी अपूर्व देवगन ने बताया कि 30 मई के मतदान के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान के बाद पंचायत प्रतिनिधियों के लिए करवाए गए मतदान की मतगणना करवा कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

