बिलासपुर। CG NEWS : रतनपुर में घर में अकेली महिला को देखकर पड़ोसी द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 60 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला रतनपुर थाना क्षेत्र के बुढ़ामहादेवपारा का है। पुलिस के मुताबिक 28 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे महिला का पति पूजा करने मंदिर गया हुआ था। इसी दौरान महिला घर में अकेली थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला 60 वर्षीय राजकुमार यादव इसी बात का फायदा उठाकर महिला के घर में घुस गया और पीछे से पकड़कर उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। महिला ने जब शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग निकला। घटना के बाद पीड़िता ने रतनपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।महिला संबंधी गंभीर अपराध की शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकुमार यादव के घर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 60 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


