छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मानसून ने जोरदार वापसी की है। पिछले 24 घंटों में करीब 276.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो प्रदेश में सबसे अधिक रही। लगातार मूसलाधार बारिश से शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। सड़कें, कॉलोनियां और निचले क्षेत्र पानी में डूब गए, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
भारी बारिश का असर रेलवे पर भी पड़ा है। कई स्थानों पर रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने से 5 मेमू ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि 3 ट्रेनों का रूट बदला गया है। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार हो रही बारिश ने बिलासपुर शहर के कई इलाके जलमग्न हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
विडंबना यह है कि नगर निगम ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत पानी निकासी के लिए अंडरग्राउंड ड्रेनेज सिस्टम काम नहीं कर रहा क्या?#Bilaspur #BilaspurRain #Chhattisgarh pic.twitter.com/yzxf4VC9TO
— 𝐒𝐮𝐫𝐲𝐚 𝐏𝐫𝐚𝐤𝐚𝐬𝐡 𝐒𝐮𝐫𝐲𝐚𝐤𝐚𝐧𝐭 (@SPsuryakant) July 17, 2026
बारिश के कारण कई इलाकों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। ट्रांसफार्मरों के आसपास पानी भरने से एहतियात के तौर पर कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित की गई। हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कलेक्टर आवास परिसर तक में पानी भर गया।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया है और लोगों से बिना जरूरी काम के घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। नगर निगम और प्रशासन की टीमें जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने और राहत कार्य में जुटी हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले घंटों में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और नदी-नालों के पास नहीं जाने की सलाह दी है।

