रायपुर। छत्तीसगढ़ की चर्चित औद्योगिक कंपनी सिम्पलेक्स कास्टिंग्स की मैनेजिंग डायरेक्टर संगीता केतन शाह ने एक आम सूचना जारी कर पुलिस विभाग के एक डीएसपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संगीता शाह ने आरोप लगाया है कि उन्हें और उनकी कंपनी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है तथा ब्लैकमेलिंग कर कंपनी की संपत्तियों पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
जारी सूचना में संगीता शाह ने कहा कि उनके परिवार और कंपनी के खिलाफ साजिश रची जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर आर्थिक और कारोबारी दबाव बना रहे हैं। आम सूचना में DSP विशाल सोन का नाम लेते हुए उन पर प्रत्यक्ष रूप से ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाए गए हैं।
संगीता शाह ने यह भी कहा कि यदि उनके परिवार, कंपनी या संपत्तियों को किसी प्रकार का नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद कारोबारी और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
बताया जा रहा है कि मामला जमीन, कंपनी संपत्तियों और आर्थिक विवादों से जुड़ा हुआ है। पिछले कुछ समय से सिम्पलेक्स समूह विभिन्न जांच और कानूनी मामलों को लेकर भी सुर्खियों में रहा है। अब एमडी की ओर से सार्वजनिक रूप से आरोप लगाए जाने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है।
हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि सार्वजनिक आरोपों के बाद मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो सकती है।
फिलहाल पूरे मामले पर सबकी नजर पुलिस और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

