रायपुर। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में सुबह की ठंडक बढ़ने के साथ अब बारिश की वापसी के संकेत मिल रहे हैं। फिलहाल साफ आसमान और शुष्क मौसम का दौर जारी है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसमी सिस्टम आने वाले दिनों में इसका रुख बदल सकता है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने के बाद 27 अक्टूबर से प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ सकता है।
मौसम में बदलाव का असर पूरे प्रदेश में एक साथ पड़ने का अनुमान नहीं है। अलग-अलग दिनों में दक्षिण और उत्तर छत्तीसगढ़ के हिस्सों में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई गई है।

पहले दक्षिण, फिर उत्तर छत्तीसगढ़ में तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग की 23 अक्टूबर को जारी विशेष विज्ञप्ति के अनुसार, 28 अक्टूबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश के भी आसार हैं।
इसके अगले दिन यानी 29 अक्टूबर को उत्तर छत्तीसगढ़ में इसी तरह की बारिश की संभावना है। यह पूर्वानुमान बंगाल की खाड़ी में मौजूद सिस्टम के आगे बढ़ने और मजबूत होने पर आधारित है।
खाड़ी में बन रहे सिस्टम पर टिकी नजर
पूर्व-मध्य और उससे लगे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके 24 अक्टूबर को अवदाब, 25 अक्टूबर को गहन अवदाब और 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान है।
सिस्टम के पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट की ओर बढ़ने की संभावना है। इसकी आगे की चाल से छत्तीसगढ़ में बारिश की स्थिति स्पष्ट होगी।
रात के तापमान में गिरावट, रायपुर में फिलहाल राहत
बारिश का दौर शुरू होने से पहले न्यूनतम तापमान में कमी आ सकती है। मौसम केंद्र ने अपने बुलेटिन में अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान दिया है।
रायपुर में फिलहाल आसमान मुख्यतः साफ रहने और तापमान लगभग 33 डिग्री अधिकतम तथा 22 डिग्री न्यूनतम रहने की संभावना है। उपलब्ध आंकड़ों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।


