बिलासपुर। CG NEWS: छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे सुशासन तिहार के तहत शुक्रवार को बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र के जोन क्रमांक 8 अंतर्गत चार वार्डों में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर आवास, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन दिए।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मौजूद रहे। उनके साथ महापौर पूजा विधानी, क्षेत्रीय पार्षद और निगम अधिकारी भी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान विधायक अमर अग्रवाल ने पांच बच्चों का विद्यारंभ संस्कार एवं गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई।इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि शासन की मंशा जनता तक विकास और योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है। इसी उद्देश्य से सरकार लोगों के बीच पहुंचकर शिविरों के माध्यम से समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे, इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है।शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरण भी किया गया।


