बालोद। CG BREAKING: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक गर्भवती महिला ने सड़क किनारे ही बच्चे को जन्म दिया। महिला अपने पति के साथ सोनोग्राफी और रूटीन चेकअप कराने धमतरी जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और फागुनदहा चौक के पास सड़क किनारे ही डिलीवरी करानी पड़ी। हाईवे पेट्रोलिंग टीम और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से सुरक्षित प्रसव कराया गया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।


जानकारी के अनुसार, गुरुर थाना क्षेत्र के ग्राम टेंगनाबरपारा निवासी कुसुमलता सिन्हा अपने पति सतीश सिन्हा के साथ धमतरी जा रही थीं। रास्ते में अचानक प्रसव पीड़ा होने पर वह सड़क किनारे बैठ गईं। इस दौरान राहगीरों ने हाईवे पेट्रोलिंग वाहन को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने पुरूर सरकारी अस्पताल से डॉक्टर और नर्स को अपने वाहन से घटनास्थल तक पहुंचाया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। कुसुमलता ने करीब 3 किलो 200 ग्राम वजन के बेटे को जन्म दिया।
डिलीवरी के बाद हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने जच्चा और नवजात को पुरूर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों सुरक्षित हैं। समय पर मिली सूचना और हाईवे पेट्रोलिंग टीम व स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से मां और बच्चे को जरूरी सहायता मिल सकी।


