बिलासपुर। CG NEWS: बिलासपुर नगर निगम की लापरवाही एक बार फिर लोगों की सेहत पर भारी पड़ती दिखाई दे रही है। शहर के वार्ड क्रमांक 13 स्थित दीनदयाल कॉलोनी के EWS इलाके में रहवासी पिछले लंबे समय से दूषित पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। आरोप है कि इलाके की जाम नालियों का गंदा और बदबूदार पानी रिसाव के जरिए पानी की टंकी तक पहुंच रहा है, जिसके बाद वही दूषित पानी सीधे घरों में सप्लाई किया जा रहा है।कई बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद जिम्मेदार विभाग सिर्फ आश्वासन देता रहा, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
दीनदयाल कॉलोनी से सामने आई तस्वीरें हालात की गंभीरता साफ दिखा रही हैं। कॉलोनी में बनी पानी की टंकी जमीन के नीचे स्थित है, जबकि उसके चारों ओर नालियां गंदगी से भरी पड़ी हैं। कई जगह नालियां जाम होकर ओवरफ्लो हो रही हैं और बरसात के दौरान यही गंदा पानी टंकी में घुस जाता है। इतना ही नहीं, इलाके की पुरानी और क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों से भी दूषित पानी सप्लाई होने की बात सामने आई है। रहवासियों का कहना है कि पानी से बदबू आती है और उसका रंग भी कई बार बदल जाता है, लेकिन मजबूरी में उन्हें वही पानी इस्तेमाल करना पड़ रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि निगम अधिकारी सिर्फ निरीक्षण कर लौट जाते हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं किया गया।

स्थानीय महिलाओं का कहना है कि गंदे पानी की वजह से बच्चों और बुजुर्गों के बीमार पड़ने का खतरा लगातार बना हुआ है। गर्मी के दिनों में पानी की किल्लत और बढ़ जाती है, जबकि बिजली कटौती होने पर लोगों को बाहर से पानी खरीदकर लाना पड़ता है। रहवासियों का कहना है कि वर्षों पुरानी इस समस्या को लेकर कई बार पार्षद और नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। लोगों ने मांग की है कि पानी की टंकी को ऊंचाई पर बनाया जाए, जर्जर पाइप लाइन बदली जाए और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि दूषित पानी से राहत मिल सके।
मामले को लेकर वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद रमेश पटेल ने भी व्यवस्था में खामियों को स्वीकार किया है। उन्होंने माना कि पानी की टंकी नीचे बने होने और ओवरफ्लो सिस्टम सही नहीं होने की वजह से गंदा पानी अंदर पहुंच रहा है। हालांकि उन्होंने जल्द सुधार कार्य शुरू कराने और समस्या का समाधान करने का भरोसा दिया है। लेकिन सवाल यही है कि जब लोग वर्षों से दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, तब आखिर जिम्मेदार विभाग अब तक कार्रवाई क्यों नहीं कर पाया। फिलहाल दीनदयाल कॉलोनी के रहवासी साफ पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अब देखना होगा कि नगर निगम और संबंधित विभाग कब तक इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान कर लोगों को राहत दिलाते हैं, या फिर लोगों को यूं ही गंदा पानी पीकर बीमारी का खतरा उठाना पड़ेगा।


