बिलासपुर। CG NEWS : जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां सस्ती कीमत पर लग्जरी कारें और इलेक्ट्रॉनिक सामान दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शातिर आरोपी ने अपनी ही रिश्तेदारी और जान-पहचान का फायदा उठाकर टीवीएस मोटरसाइकिल कंपनी के मैनेजर को ₹25.93 लाख का चूना लगा दिया। गोकुलधाम घुरू निवासी पीड़ित प्रतीक कुमार सोनी, जो मुंगेली में टीवीएस कंपनी के मैनेजर हैं, की शिकायत पर सकरी थाना पुलिस ने आरोपी लक्ष्य सोनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी ने खुद की ‘बीट किंग एसएमएम’ नामक कंपनी का हवाला देकर पीड़ित को बाजार मूल्य से 45 से 50 प्रतिशत कम कीमत पर बिना किसी फायनेंस के गाड़ियां दिलाने का लालच दिया था। झांसे में आकर पीड़ित ने अगस्त 2024 में ₹24 लाख की एमजी हेक्टर कार के लिए ₹12.22 लाख आरोपी को ट्रांसफर कर दिए, जिसकी डिलीवरी काफी टालमटोल के बाद नवंबर में मिली, लेकिन बाद में खुलासा हुआ कि वह गाड़ी बैंक फायनेंस पर उठाई गई थी। आरोपी का हौसला यहीं नहीं रुका, उसने पीड़ित को ₹18 लाख से ज्यादा कीमत वाली महिंद्रा थार मात्र ₹7.60 लाख में और ₹10 लाख से अधिक कीमत वाली स्विफ्ट कार महज ₹6.11 लाख में दिलाने का झांसा देकर रकम ऐंठ ली। जहां थार कार के एवज में पैसे लेने के बाद भी न गाड़ी मिली और न पैसे वापस आए, वहीं डिलीवर की गई स्विफ्ट कार भी जांच में बैंक फायनेंस पर निकली हुई पाई गई, जिसके बाद ठगे जाने का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली! इस पूरे मामले मे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने कहा की मामले की जाँच जारी हैं और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।



