CG News : राजनांदगांव नगर निगम में महापौर मधुसुदन यादव ने अपने कार्यकाल का दूसरा बजट पेश किया। उन्होने वर्ष 2026-27 के लिए 643 करोड़ 64 लाख 71 हजार रुपये का अनुमानित बजट पेश किया, जिसमें 15 लाख रुपये लाभ का बजट सदन में पेश हुआ है।

राजनांदगांव नगर निगम में बजट बैठक की शुरुआत हंगामेदार रही। महापौर मधुसूदन यादव ने अपना बजट अभिभाषण पढ़ते हुए शहर विकास को लेकर वर्ष 2026 -27 का बजट पेश किया। महापौर के द्वारा 15 लाख रुपए लाभ का बजट पेश करने के मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने कहा कि पिछले साल इन्होंने 22 लाख रुपए घाटे का बजट लाया था, एक साल में नगर निगम को कितना फायदा हो गया यह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि यहां कर्मचारियों को 6 -6 माह से पेमेंट नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पिछला बजट पर ही काम नहीं हुआ है, और इस बजट में भी सब गोलमाल नजर आ रहा है ।
बजट को लेकर महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि विकसित शहर बनाने की दृष्टिकोण से हमने एक कदम आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शहर के बीच तीन पानी टंकियों का निर्माण होगा, जिसमें चिखली से गौरीनगर के बीच, गोकुल नगर और सबसे ज्यादा पानी की समस्या से ग्रस्त वार्ड नया ढाबा क्षेत्र में टंकी निर्माण को बजट में शामिल किया गया है।
महापौर के द्वारा पेश किए गए बजट में पेयजल व्यवस्था, जल संयंत्र गृह मरम्मत, मिनरल वाटर बॉटलिंग प्लांट, पाइपलाइन विस्तार, कुओं और तालाबों का संरक्षण, रानी सागर एवं बूढ़ा सागर सौंदर्यीकरण, उद्यान, शिक्षा, क्रिकेटर टर्फ, चौराहों का सौंदर्यीकरण, सड़क सौंदर्यीकरण, प्रतिमा स्थापना, पेट्रोल पंप, इलेक्ट्रिक चार्जिंग सेंटर, महिला प्रसाधन, मस्ती के पाठशाला सहित उन्य प्रावधान किया गया है।


