रायपुर। GRAND NEWS : सिखों के पांचवें गुरु, शहीदों के सरताज श्री गुरु अर्जुन देव जी का शहीदी दिवस 29 मई को श्रद्धा, सेवा और मानवता के संदेश के साथ मनाया जाएगा। गुरु साहिब की शहादत को समर्पित विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन राजधानी रायपुर में किया जाएगा। इसी कड़ी में दशमेश सेवा सोसायटी द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शुक्रवार 29 मई को शास्त्री चौक में विशाल छबील (शरबत) एवं शीतल पेयजल वितरण सेवा आयोजित की जा रही है।
दशमेश सेवा सोसायटी के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सेवा कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक निरंतर चलेगा, जिसमें राहगीरों, आम नागरिकों एवं जरूरतमंदों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से ठंडा शरबत और पेयजल वितरित किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों से इस पुण्य सेवा में शामिल होकर गुरु साहिब की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम के संबंध में दशमेश सेवा सोसायटी की ओर से ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन सरदार गुरुचरण सिंह होरा को भी आमंत्रण पत्र प्रेषित किया गया है। सदस्यों ने बताया कि श्री होरा 30 सालों से हमारे साथ जुड़े हुए है। जो अपने सेवा कार्यों के लिए पुरे प्रदेशभर में चर्चित है, आज हम उन्हें विशाल छबील वितरण आयोजन में आमंत्रित करने पहुंचे है।
इस अवसर पर श्री होरा ने कहा कि दशमेश सेवा सोसायटी वर्षों से समाजहित और मानव सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। गुरु अर्जुन देव जी का जीवन त्याग, सेवा, सहनशीलता और मानवता का प्रतीक है। उनकी शहादत पूरी मानवता को प्रेम, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए छबील सेवा का आयोजन बेहद सराहनीय पहल है। ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं। श्री होरा ने सभी लोगों से बढ़-चढ़कर इस सेवा कार्य में शामिल होने और गुरु साहिब के दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इस मौके पर राजेंद्र सिंह भूटानी, दिलेंदर सिंह ढिल्लन, कमलजीत सिंह गुम्बर, लवली अरोरा मौजूद रहे।


